नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू करने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

नौ स्थानों पर 4G मोबाइल सेवा शुरू करने की मांग, सांसद अजय भट्ट ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए लंबित प्रस्तावों को जल्द मंजूरी देने का किया अनुरोध

हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसदीय क्षेत्र के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में पहल की है। उन्होंने नौ प्रस्तावित स्थलों पर 4G मोबाइल सेवाओं के प्रावधान से संबंधित लंबित मामलों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है।

सांसद अजय भट्ट ने पत्र में कहा कि क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना और स्थानीय जनता को बेहतर दूरसंचार सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। इन क्षेत्रों में 4G सेवाएं शुरू होने से स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को बेहतर संचार सुविधा मिलने के साथ ही डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने में सहूलियत होगी।

सांसद की ओर से भेजे गए प्रस्तावों में रुद्रपुर क्षेत्र का संजय वन और टांडा फॉरेस्ट रेंज, भीमताल क्षेत्र का नलिनी, बेतालघाट क्षेत्र का रतीघाट, कैंची धाम क्षेत्र का ऊंचाकोट (मल्लागांव) और पड़ाली, कोटाबाग क्षेत्र का नाथूनगर, हल्द्वानी क्षेत्र का बिंदुखत्ता तथा किच्छा क्षेत्र का मल्ली देवरिया शामिल हैं। पत्र के अनुसार, इन सभी नौ स्थलों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और संबंधित प्रकरण आवश्यक कार्रवाई एवं स्वीकृति के लिए अग्रसारित किए जा चुके हैं।

अजय भट्ट ने कहा कि इन प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय होने से संबंधित क्षेत्रों में दूरसंचार सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा। 4G नेटवर्क उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, नागरिकों को डिजिटल सरकारी सेवाओं और व्यापारियों को ऑनलाइन कारोबार में मदद मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि प्रस्तावित स्थलों पर 4G मोबाइल सेवाओं के प्रावधान से जुड़े लंबित मामलों को जल्द स्वीकृति प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *