विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत बीएचईएल में चलाया गया स्वच्छता अभियान

विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत बीएचईएल में चलाया गया स्वच्छता अभियान

हरिद्वार। भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय एवं प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में, विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत बीएचईएल हरिद्वार द्वारा सेक्टर-1 एवं सेक्टर-4 स्थित दशहरा मैदानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया । बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार के दिशा-निर्देशन में संचालित इस अभियान का नेतृत्व, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुमति शर्मा द्वारा किया गया ।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सुश्री सुमति शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है । विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत हमारा प्रयास है कि स्वच्छता गतिविधियों को जनभागीदारी से जोड़ते हुए, स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के निर्माण को एक सतत प्रक्रिया बनाया जाए । अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख (एचएसई) श्री नवनीत मित्तल ने कहा कि सुरक्षित एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए स्वच्छता और कचरे का उचित प्रबंधन अत्यंत आवश्यक है । नगर प्रशासक श्री अतुल सचान ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन, संस्थान एवं स्थानीय समुदाय के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है ।

उल्लेखनीय है कि इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करना, स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण को प्रोत्साहित करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था । अभियान के अंतर्गत दशहरा पर्व के आयोजन के उपरांत दोनों मैदानों में लगभग 6 लाख वर्ग फुट क्षेत्र की साफ-सफाई की गई तथा लगभग 5 टन कचरे का नियमानुसार निस्तारण किया गया । इस अभियान में बीएचईएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित स्थानीय निवासियों एवं रामलीला समिति के लगभग 120 सदस्यों ने भी योगदान दिया ।

बीएचईएल हरिद्वार द्वारा विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत किए जा रहे ये प्रयास भारत सरकार के स्वच्छता संबंधी उद्देश्यों की पूर्ति, सार्वजनिक परिसरों के बेहतर रखरखाव तथा स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *