*यातायात पुलिस*
*बच्चों के जीवन से नही होने देंगे खिलवाड़, SSP नवनीत सिंह के यातायात पुलिस को सख्त निर्देश*
*अभियान चलाकर लगातार किया जाये स्कूल बसों को चेक*
*यातायात पुलिस हरिद्वार एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त चेकिंग अभियान*
*मॉडिफाइड बसों एवं बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई, नशे में स्कूल बस चलाने वाले चालक को गिरफ्तार कर भेजा जेल*
आज दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मॉडिफाइड बसों तथा बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे वाहनों की सघन जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान एक स्कूल बस के चालक द्वारा नशे का सेवन कर वाहन संचालित किए जाने का मामला सामने आया। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल स्कूल बस को रुकवाया गया तथा उसमें सवार स्कूली बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरी स्कूल बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस द्वारा संबंधित चालक के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से स्कूली वाहनों की जांच कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान के दौरान यातायात पुलिस सीपीयू टीम व परिवहन विभाग द्वारा 298 चालान दोपहिया व चौपाइयां वाहनों के किये गये जिनमें से 7 बसों को सीज किया गया आगे भी अभियान जारी रहेगा।

संयुक्त चेकिंग अभियान में निम्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे—
1. बिपेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यातायात।
2. निखिल शर्मा, एआरटीओ।
3. श्रीमती नेहा झा, एआरटीओ।
4. संदीप सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक यातायात।
5. उपनिरीक्षक यातायात मोहित कुमार।
6. उपनिरीक्षक यातायात मुकेश कुमार।
7. उपनिरीक्षक परिवहन अश्विनी कुमार।
यातायात पुलिस हरिद्वार एवं परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें, निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहन संचालित करें तथा नशे की स्थिति में कभी भी वाहन न चलाएं। स्कूली वाहनों के चालक एवं संचालक बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
